![]()
सीवान के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के लकड़ी नया टोला गांव में बुधवार सुबह एक 18 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लकड़ी नया टोला निवासी मोहम्मद रियाजुद्दीन के 18 वर्षीय पुत्र अली हुसैन के रूप में हुई है। अली हुसैन पेशे से ड्राइवर था। परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार अली हुसैन रोज की तरह मंगलवार की रात गांव में ही अपने निर्माणाधीन मकान में सोने गया था। बुधवार की सुबह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान निर्माणाधीन मकान में चौकी पर अली हुसैन बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अली हुसैन के गर्दन पर दबाव के स्पष्ट निशान थे, जबकि पैर के नाखूनों पर भी चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। इससे उन्हें आशंका है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही लकड़ी नबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल देखा गया। थानाध्यक्ष सबिता कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए जा सकें।प्रथम दृष्टया युवक की मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस के अनुसार मृतक के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

