बोकारो | नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर चास और बेरमो अनुमंडल प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के बाहर धारा 163 लागू कर दी है। यह आदेश 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर जारी किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी चास व अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि परीक्षा के दौरान बाहरी तत्वों द्वारा व्यवधान उत्पन्न किए जाने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में पांच या पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस, सभा, प्रदर्शन और हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारी, कर्मी, परीक्षार्थी, पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी को छोड़कर अन्य के प्रवेश पर रोक रहेगी।


