![]()
फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर की एक टीवी शो के दौरान पद्मावत के जौहर सीन पर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद चल रहा है। पटना में स्वरा भास्कर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी नेता कृष्णा सिंह उर्फ कल्लू ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अभिनेत्री की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद कृष्णा सिंह कल्लू ने कहा कि स्वरा भास्कर की टिप्पणी से समाज के एक वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा, किसी भी हाल में क्षत्रिय महिलाओं या देश की माताओं-बहनों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभिनेत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। कहा- राजधानी में निकालेंगे आक्रोश मार्च कृष्णा सिंह ने बताया, इस मामले को लेकर जल्द ही आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो इस मामले को लेकर कोर्ट का भी रुख किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज कोतवाली थाने में पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस की ओर से शिकायत की जांच करने और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। बीजेपी नेता ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल शिकायत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब जानिए पूरा विवाद यह पूरा विवाद 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘वुमन, लाइफ, फ्रीडम’ टॉक के दौरान शुरू हुआ था। इवेंट में स्वरा ने फिल्म के जौहर सीन का जिक्र करते हुए कहा की इससे रेप सर्वाइवर्स तक गलत संदेश जा सकता है। उन्होंने आगे कहा ‘क्या हम सर्वाइवर्स को यही बताना चाहते हैं कि वे जीने के लायक नहीं हैं, कि अगर आप सच में इज्जतदार और बहादुर महिला होतीं, तो आपने खुद को मार लिया होता? क्या हम यह कह रहे हैं कि रेप किसी महिला की जिंदगी का अंत है?’ एक सीन में गर्भवती महिला का पेट दिखाया गया है जो जौहर करने जा रही है। स्वरा ने कहा था, “यह देखकर मुझे बहुत गुस्सा आया था और मैंने थियेटर में ही ‘छी’ कह दिया था। 5 दिन विचार करने के बाद मैंने डायरेक्टर संजय लीला भंसाली को ओपन लेटर लिखा था।” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन पर ऐतिहासिक बलिदान का अपमान करने का आरोप लगाया था। क्या है पद्मावत का जौहर सीन फिल्म में जौहर का सीन क्लाइमैक्स के पास आता है। अलाउद्दीन खिलजी की सेना राजपूतों को हरा देती है और चित्तौड़ के किले में घुस जाती है। दीपिका पादुकोण का किरदार ‘रानी पद्मावती’ किले की महिलाओं के साथ जौहर करती हैं। फिल्म में इसे पकड़े जाने से बचने के लिए खुद को आग के हवाले करने की घटना के तौर पर दिखाया गया है। स्वरा ने दी सफाई इधर, भारी ट्रोलिंग के बाद मंगलवार को स्वरा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर सफाई दी। स्वरा ने कहा कि उन्होंने रानी पद्मावती को कायर नहीं कहा, बल्कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।
पटना- अभिनेत्री स्वरा भास्कर के खिलाफ शिकायत:पद्मावत के जौहर सीन पर विवाद, BJP नेता बोले- क्षत्रिय महिलाओं का मजाक बनाया, आक्रोश मार्च निकालेंगे
