![]()
पटना की दो नाबालिग स्कूली छात्राओं के घर से भागकर शादी करने का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं कोतवाली थाना क्षेत्र के अदालतगंज की रहने वाली हैं और एक-दूसरे की पड़ोसी हैं। दोनों करीब तीन साल से एक-दूसरे को जानती हैं। दोनों 7 अगस्त को घर से निकल गई थीं। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को खगड़िया रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद दोनों का गार्डिनर अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। फिलहाल दोनों पुलिस की निगरानी में हैं। परिजनों का कहना है कि दोनों के अचानक घर से चले जाने के बाद से वे परेशान थे। एक 10वीं तो दूसरी 12वीं की छात्रा दोनों में एक छात्रा 10वीं कक्षा में जिला स्कूल में पढ़ती है, जबकि दूसरी 12वीं की छात्रा है और मिलर स्कूल में पढ़ती है। 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा के पिता CID में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी बताए जा रहे हैं। दोनों की मां ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की। 7 अगस्त को भागी, खगड़िया के मंदिर में की शादी पुलिस की पूछताछ में दोनों छात्राओं ने बताया कि वे करीब तीन साल से एक-दूसरे को जानती हैं। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई। दोनों ने पुलिस को बताया कि रिश्ते को शादी का रूप देने के लिए वे 7 अगस्त को घर से निकल गईं और खगड़िया पहुंचीं। उनके पास करीब 3,500 रुपए थे। दोनों के मुताबिक, खगड़िया के एक मंदिर में उन्होंने शादी की और इसके बाद एक होटल में कमरा लेकर ठहरी थीं। रेलवे स्टेशन के पास घूमते मिलीं पुलिस के मुताबिक, दोनों की तलाश में कोतवाली थाने से महिला पदाधिकारी पूनम कुमारी समेत पुलिस टीम खगड़िया पहुंची थी। दोनों खगड़िया रेलवे स्टेशन के आसपास घूम रही थीं। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों को पटना लाया गया और मेडिकल जांच कराई गई। परिजनों से मिलने से किया इनकार बरामदगी के बाद दोनों के परिजन उनसे मिलने पहुंचे, लेकिन दोनों छात्राओं ने परिवार के सदस्यों से बातचीत करने से इनकार कर दिया। दोनों एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी हैं। पुलिस पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है। दोनों नाबालिग होने के कारण उनके बयान और अन्य प्रक्रियाएं नियमानुसार दर्ज की जा रही हैं।


