![]()
पटना में मंगलवार को जंक्शन के पास वाले इलाके से एक युवक का अपहरण हुआ है। लापता न्यू करबिगहिया कब्रिस्तान गली निवासी 33 वर्षीय बंटी है। उसके लापता होने के बाद परिजन ने मंगलवार शाम कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी भी जताई। वहीं, घटना से संबंधित एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज पटना जंक्शन स्थित दूध मार्केट के पास एक दुकान में लगे कैमरे का है। इसमें 7 से 8 लोग एक युवक के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन अपने साथ ले जाते दिख रहे हैं। फुटेज का समय मंगलवार देर रात करीब 1 बजे का है। परिजन का आरोप है कि घटना के 17 घंटे बाद भी पुलिस बंटी का पता नहीं लगा पाई है। देखें सीसीटीवी की कुछ तस्वीरें… सोमवार को घर से जंक्शन रिश्तेदारों को छोड़ने निकला था परिजन ने बताया, बंटी सोमवार रात करीब 11:30 बजे अपने परिवार के कुछ सदस्यों को पटना जंक्शन छोड़ने गया था। स्टेशन पहुंचने के बाद वह काफी देर तक घर नहीं लौटा। लगभग एक घंटे बाद जब परिवार ने उसे फोन किया, तो उसने ट्रेन लेट होने की बात कहकर फोन काट दिया। इसके बाद अहले सुबह जब परिजन ने दोबारा कई बार फोन किया, तो उसका कॉल रिसीव नहीं हुआ। लगातार संपर्क न होने पर परिवार चिंतित हो गया और बंटी की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने कोतवाली थाने में युवक के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया, मामले में स्पेशल टीम का गठन किया है, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि बंटी को जल्द ही सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। परिवार का कहना है कि फुटेज में मौजूद लोगों में एक व्यक्ति की पहचान रोहित के रूप में की गई है। इसी आधार पर पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। फुटेज सामने आने के बाद अपहरण की आशंका और गहरा गई है तथा पुलिस की जांच भी इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। कोतवाली थाने में परिजन का प्रदर्शन बंटी की बरामदगी नहीं होने से नाराज परिजनों ने मंगलवार की देर शाम कोतवाली थाने में जमकर बवाल काटा। परिवार के लोगों का कहना था कि घटना को कई घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस युवक को खोजने में सफल नहीं हुई है। हंगामे के दौरान परिजन ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द बंटी की सकुशल बरामदगी की मांग की। उनका आरोप था कि यदि पुलिस शुरुआत से तेजी से कार्रवाई करती तो अब तक बंटी का पता लगाया जा सकता था। हालांकि पुलिस के द्वारा परिजनों को आश्वस्त किया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और जल्द ही युवक को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। थाना में हंगामे की तस्वीर… दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ पुलिस ने इस मामले में बजरंगी और रोहित नामक दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। दोनों से घटना के संबंध में लगातार पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य संदिग्धों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी भी जारी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। फिलहाल प्राथमिकता अपहृत युवक की सकुशल बरामदगी है। इसके लिए कई पुलिस और एसआईटी की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
अवैध धंधे का विरोध करने की बात बंटी के फुफेरे भाई महानंद कुमार का आरोप है कि बंटी पटना जंक्शन परिसर और उसके आसपास चल रहे कथित अवैध धंधों का लगातार विरोध करता था। परिवार का दावा है कि इसी वजह से कुछ लोगों से उसका विवाद भी हुआ था। परिजनों का कहना है कि उन्हें आशंका है कि इसी रंजिश के चलते संगठित तरीके से बंटी का अपहरण किया गया है। उनका आरोप है कि इसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस ने क्या कहा पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, जांच कई बिंदुओं पर चल रही है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने यह भी कहा कि मामले में जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
