![]()
पटना नगर निगम सहित पूरे बिहार के नगर निकाय के कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का आज छठा दिन है। इसका असर शहर की सफाई व्यवस्था पर नजर आ रहा है। पटना की सड़कों पर कचरे का ढेर है। आउटसोर्सिंग एजेंसियों पर ₹21.95 करोड़ की पेनाल्टी लगी है। सोमवार को हुई बारिश के कारण कूड़ा सड़कों पर ही फैल गया है। पटना में बदबू से लोगों का हाल बेहाल है। इसी बीच हालात को संभालने के लिए पटना नगर निगम ने सोमवार को 100 वाहनों से डोर टू डोर कचरा उठाव किया। निगम के मुताबिक हर दिन औसतन 300 टन कचरे का उठाव किया जा रहा है। सोमवार को कचरा उठाव की कुछ तस्वीरें… मैन पावर नहीं देने पर एजेंसियों पर लगी पेनाल्टी पटना नगर निगम ने हड़ताल के दौरान सफाई व्यवस्था प्रभावित करने पर आउटसोर्सिंग एजेंसियों पर 21.95 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। शनिवार-रविवार को सफाई कार्यों में तैनात आउटसोर्सिंग एजेंसियों की ओर से पर्याप्त मैन पावर और ड्राइवर की उपलब्धता नहीं किए जाने को अनुबंध उल्लंघन मानते हुए संबंधित एजेंसियों को पेनाल्टी लगाई है। 1 अगस्त और 2 अगस्त को मैन पावर नहीं होने के कारण संबंधित एजेंसियों को लगातार दूसरे दिन शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर अतिरिक्त आर्थिक दंड भी लगाया गया है।
नूतन राजधानी अंचल में 23 डोर-टू-डोर वाहन से उठा कचरा नूतन राजधानी अंचल में 23 डोर-टू-डोर वाहनों के माध्यम से जगदेव पथ, जयप्रकाश नगर, एसके पुरी, सचिवालय क्षेत्र, स्टेशन रोड, गर्दनीबाग सहित अन्य इलाकों से नियमित कचरा संग्रहण किया गया। मतगणना कार्य के दौरान एएन कॉलेज परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए अंचल प्रशासन की ओर से दो ओपन मैजिक वाहनों की विशेष तैनाती की गई। इन वाहनों के माध्यम से साफ-सफाई के दौरान एकत्रित कचरे का निरंतर उठाव कर निर्धारित स्थल तक पहुंचाया गया। पटना सिटी में 20 वाहनों से कचरे का उठाव अजीमाबाद अंचल में 15 डोर टू डोर वाहनों से पठान टोली, नरकट घाट, लोहरवा घाट, अगमकुआं, शेरशाह पथ, मेहेंदीगंज, नवाब बहादुर रोड, एनएमसीएच रोड आदि क्षेत्रों से कचरा उठाव किया गया। पटना सिटी में 20 वाहनों से गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ, अशोक राजपथ, स्टेशन रोड समेत सभी प्रमुख स्थलों से कचरा उठाव किया गया। साथ ही पाटलिपुत्र अंचल में 28 डोर टू डोर वाहनों से सभी वार्डों में कचरा उठाव किया गया। वहीं, बांकीपुर में 13 वाहनों से अशोक राजपथ, वैशाली गोलंबर समेत अन्य प्रमुख स्थलों से कचरा उठाव किया गया।
हड़ताल खत्म करने के लिए पहल करनी चाहिए दूसरी ओर हड़ताल के समर्थन में सभी कर्मी डटे हुए हैं। पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति के प्रवक्ता जितेंद्र कुमार ने कहा कि एक तरफ आयुक्त सहित पूरा नगर निगम प्रशासन रात भर कचड़ा उठाने में पसीना बहा रहा है, उससे बेहतर होता कि हड़ताली कर्मियों से बात कर हड़ताल को समाप्त करने की दिशा में पहल करना चाहिए। हम बात करने से पीछे हटने वाले नहीं है, लेकिन वार्ता सिर्फ वार्ता के लिए नहीं समस्या के समाधान के लिए हो।

