![]()
बांका के फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के मलिकबथान गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान मलिकबथान निवासी सुरेंद्र यादव की पत्नी बिंदु कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार विवाद के बाद बिंदु ने घर में रखी धान की फसल में डालने वाली कीटनाशक दवा पी ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप घटना की जानकारी मिलने के बाद बिंदु के मायके वाले फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के छपरियाडीह गांव से मलिकबथान पहुंचे। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मां के बयान पर FIR, पति गिरफ्तार फुल्लीडुमर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार ने बताया कि मृतका की मां फूलकुमारी देवी के बयान पर FIR दर्ज की गई है। FIR के आधार पर मृतका के पति सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस घटना के कारण और परिस्थितियों की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। घटना की जांच के लिए बांका से फोरेंसिक टीम भी मलिकबथान पहुंची। टीम ने घर के अंदर घटनास्थल की जांच कर कई पहलुओं को देखा और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, हत्या के आरोप और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला ने कीटनाशक पीया, मौत:बांका में इलाज के दौरान तोड़ा दम, पति अरेस्ट; मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
