![]()
अवैध खनन और खनिजों की तस्करी की शिकायतों के बीच झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आधी रात सड़क पर उतरकर कार्रवाई की। अपने विधानसभा क्षेत्र छतरपुर में मंत्री रात करीब 11:15 बजे सड़मा महेंद्र एग्रो पेट्रोल पंप के पास एनएच-139 पर टीम और जीएसटी अधिकारियों के साथ पहुंचे और वाहनों की अचानक जांच शुरू कर दी। करीब डेढ़ घंटे तक चले अभियान में कोयला, गिट्टी, लकड़ी और स्क्रैप लदे चार ट्रक पकड़े गए। सभी वाहनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जिन वाहनों के कागजात सही पाए गए, उन्हें जांच के बाद जाने दिया गया। मंत्री के अचानक सड़क पर उतरने की सूचना मिलते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में भी हड़कंप मच गया। अवैध कोयला बिहार-यूपी भेजे जाने की थी सूचना राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि उन्हें सूचना मिल रही थी कि बड़े पैमाने पर अवैध कोयला ट्रकों में लोड कर बिहार और उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। इसी सूचना पर उन्होंने अचानक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग दूर खड़े होकर मंत्री और उनकी टीम की गतिविधियों पर नजर रखते रहे। बताया गया कि आगे आने वाले ट्रकों को भी कार्रवाई की सूचना मिल गई, जिसके बाद कुछ वाहनों को रास्ते में ही रोक दिया गया। मंत्री के साथ मौजूद जीएसटी अधिकारियों ने भी वाहनों के दस्तावेजों की जांच की। इस कार्रवाई ने छतरपुर इलाके में खनिज परिवहन और उससे जुड़े कारोबार की निगरानी को लेकर प्रशासनिक सक्रियता को सामने ला दिया। तीन महीने में दूसरी बड़ी कार्रवाई छतरपुर में अवैध खनन के खिलाफ वित्त मंत्री की यह कार्रवाई पहली नहीं है। इससे पहले 12 जून की आधी रात को भी ग्रामीणों की शिकायत पर राधाकृष्ण किशोर रेगनियॉव और देवबंद पहाड़ क्षेत्र पहुंचे थे। वहां सरकारी जमीन से बिना वैध कागजात के मोरम-मिट्टी की खुदाई कर बिहार भेजे जाने की शिकायत की जांच की गई थी। उस दौरान मौके से चार हाइवा/ट्रेलर और एक पोकलेन मशीन जब्त की गई थी। आरोप था कि दूसरे राज्यों में सक्रिय लोग सरकारी जमीन से अवैध तरीके से मिट्टी निकालकर बिहार भेज रहे थे। अब एक बार फिर आधी रात में सड़क पर उतरकर चार ट्रकों पर कार्रवाई से छतरपुर में अवैध खनन, खनिज परिवहन और तस्करी के नेटवर्क को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पलामू में आधी रात सड़क पर उतरे वित्त मंत्री:छतरपुर में डेढ़ घंटे चलाया अभियान, कोयला-गिट्टी-लकड़ी व स्क्रैप लदे 4 ट्रक पकड़े
