![]()
पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया, जहां चलती बाइक पर बिजली गिरने से पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बालमुकुंद यादव और उनके पुत्र दिलीप यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों तेतराई बाजार से खरीदारी कर अपने गांव पुरुषोत्तमपुर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के बीच वज्रपात हुआ। बिजली सीधे उनकी बाइक पर गिरी, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। महिला गंभीर रूप से झुलसी इस हादसे में अनीता देवी नामक एक महिला भी वज्रपात की चपेट में आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला को आनन-फानन में पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है। अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा से पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है, वहीं परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा गया। इस घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। लगातार हो रहे वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

