Wednesday, October 21, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

पलामू में भूत-प्रेत के शक में बुजुर्ग की हत्या:युवक की मौत के बाद अंधविश्वास में बुजुर्ग को मारा, टांगी से काटा, बहू-बेटी जान बचाकर भागीं


पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मंगराडीह गांव में अंधविश्वास के शक में 62 वर्षीय बुजुर्ग सीताराम मोची की हत्या कर दी गई। 25 वर्षीय युवक विवेक कुमार की मौत के बाद उसके परिजनों ने पड़ोसी सीताराम पर भूत-प्रेत करने का आरोप लगाया। इसी शक में बुधवार सुबह सीताराम के घर पहुंचकर उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। विवेक कुमार गांव के महंग राम के पुत्र थे। वह सरिया सेटिंग का काम करते थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। हालत बिगड़ने पर करीब 10 दिन पहले उन्हें इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार के लोगों ने पड़ोसी सीताराम पर शक जताया। इसके बाद परिवार के महिला-पुरुष टांगी लेकर उनके घर पहुंच गए। मारपीट के दौरान टांगी से किया हमला घटना के समय सीताराम मोची की बहू रंभा देवी और बेटी घर में मौजूद थीं। आरोप है कि विवेक के भाई-बहन ने सीताराम पर ओझा-गुणी करने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान विवेक की बहन ने टांगी से सीताराम पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में मौजूद सीताराम की बहू और बेटी ने खतरा भांप लिया। दोनों छोटे बच्चों को लेकर जान बचाने के लिए घर से भाग निकलीं। वे गांव में ही दूसरे व्यक्ति के घर चली गईं। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया। युवक की बीमारी और मौत के बाद पड़ोसी पर लगाए गए आरोपों ने मामले को हिंसक रूप दे दिया। हालांकि, सीताराम पर लगाए गए ओझा-गुणी के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची बुजुर्ग की हत्या की सूचना मिलते ही नौडीहा बाजार थाना प्रभारी पुलिस जवानों के साथ मंगराडीह गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद कैसे शुरू हुआ। हत्या में कौन-कौन शामिल था। घटना के संबंध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे अंधविश्वास के शक को प्रमुख वजह बताया जा रहा है। पुलिस पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles