Thursday, May 21, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पाकुड़ मंडल कारा में महिला कैदी ने की आत्महत्या:पति के हत्या के आरोपी में थी जेल में, डीसी-एसपी ने शुरू की जांच


पाकुड़ मंडल कारा में एक विचाराधीन महिला कैदी ने आत्महत्या कर ली है। इस घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त (डीसी) मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी अधिकारियों की टीम के साथ मंडल कारा पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इस घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मृतक महिला कैदी की पहचान नगर थाना अंतर्गत कोलाजोड़ा निवासी संझली हेंब्रम के रूप में हुई है। उस पर अपने पति झंडू हांसदा के हत्या का आरोप था। इस संबंध में नगर थाना में 17 फरवरी 2026 को कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर विचाराधीन कैदी के रूप में मंडल कारा में रखा था। गुरुवार दोपहर के बाद मंडल कारा स्थित बाथरूम में संझली हेंब्रम के आत्महत्या करने की सूचना मिली। जेल प्रशासन ने उसे अचेत अवस्था में इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंडल कारा में मौजूद कर्मियों से गहन पूछताछ महिला कैदी की मौत की खबर जिला के वरीय पदाधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी अधिकारियों की टीम के साथ मंडल कारा पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच की और मंडल कारा में मौजूद कर्मियों से गहन पूछताछ की। अधिकारियों ने तकनीकी पहलुओं पर भी आवश्यक जानकारी ली। डीसी मनीष कुमार ने बताया कि एक महिला कैदी ने मंडल कारा में आत्महत्या की है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने पुष्टि की कि महिला ने बाथरूम में आत्महत्या की थी और उसे सदर अस्पताल भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी निधि द्विवेदी ने भी आत्महत्या की पुष्टि करते हुए कहा कि सुसाइड के कारणों का अभी पता नहीं चला है और यह जांच का विषय है। जांच पूरी होने पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles