![]()
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के हीरानंदनपुर पंचायत अंतर्गत महुआडांगा गांव से पांच दिन के नवजात शिशु के लापता होने का मामला सामने आया है। घर में सो रहा शिशु अचानक गायब हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पंचायत के मुखिया नीपु सरदार को दी गयी। मुखिया ने तत्काल नगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। नवजात के लापता होने की घटना अब शहर में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। 10 मीटर दूर कपड़े धो रही थी मां महुआडांगा गांव निवासी रसका सोरेन और उनकी पत्नी बुदिन हांसदा का पांच दिन का शिशु मंगलवार को घर में सो रहा था। बुदिन हांसदा घर से करीब 10 मीटर की दूरी पर कपड़े धोने गई थी। बताया गया कि वह वहां लगभग 10 से 15 मिनट तक रहीं। जब वह कपड़े धोकर वापस घर लौटीं तो कमरे में सो रहा नवजात वहां नहीं था। बच्चे को गायब देखकर वह घबरा गयीं और परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के घरों, गलियों और संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी नवजात का पता नहीं चल सका। मुखिया की सूचना पर पहुंची पुलिस नवजात के गायब होने के बाद परिजनों ने पंचायत के मुखिया नीपु सरदार को घटना की जानकारी दी। मुखिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम महुआडांगा गांव पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल के आसपास भी बच्चे की तलाश की गयी, लेकिन पुलिस को तत्काल कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि बच्चे के गायब होने के दौरान आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे। घर के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि तो नहीं देखी गई थी। खोजी कुत्ते की मदद से भी तलाश जारी बुधवार को मुखिया नीपु सरदार ने बताया कि पुलिस नवजात की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने बुधवार को खोजी कुत्ते की मदद से भी बच्चे की तलाश करने की बात कही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। नवजात को जल्द से जल्द बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। महज पांच दिन के बच्चे के इस तरह घर से गायब होने की घटना से परिजन सदमे में हैं। वहीं, घटना के बाद गांव के साथ-साथ पाकुड़ शहर में भी इसकी चर्चा हो रही है। पुलिस आसपास के लोगों से लगातार जानकारी जुटा रही है।
