![]()
पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के काशीला गांव में गुरुवार सुबह 37 वर्षीय बाबूजन हांसदा का शव घर के मुख्य द्वार पर रस्सी से लटका मिला। मृतक हिरणपुर थाना क्षेत्र के सहरपुर लातार टोला का रहने वाला था। ग्रामीणों की सूचना पर चौकीदार मौके पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया। पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। युवक का था प्रेम प्रसंग मृतक के बड़े भाई गणेश हांसदा ने बताया कि बाबूजन कई वर्षों से काशीला गांव आता-जाता था। उसका तालामय मुर्मू की बेटी से प्रेम प्रसंग था। गणेश के अनुसार, बाबूजन की पहली पत्नी ने दूसरी शादी कर ली थी। उसके चार बच्चे पहली पत्नी के साथ रहते थे। पत्नी की दूसरी शादी के बाद से बाबूजन परेशान रहता था। हालांकि, युवक की मौत का इन परिस्थितियों से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार घटना की सूचना पर जिला परिषद सदस्य मंजुला हांसदा भी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों के बीच मौत को लेकर चर्चा जारी है।
पाकुड़ में प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने की आत्महत्या:घर के दरवाजे पर झूलती मिली बॉडी, पहली पत्नी की दूसरी शादी के बाद था परेशान
