![]()
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के ग्वालपाड़ा, निमतल्ला में शनिवार को एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर गोली चलाई गई। इस घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। गोलीबारी में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी मिथुन कुमार रजक के बाजू में बारूद के छींटे लगने से वे घायल हो गए। उन्हें तुरंत स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की बड़ी क्षति नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से दिन-भर और देर रात तक होने वाले शोर-शराबे से आसपास के लोग परेशान थे। इस संबंध में पहले भी कई बार आपत्ति दर्ज कराई गई थी। शनिवार को इसी मुद्दे पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद यह झड़प गोलीबारी में बदल गई। मिथुन कुमार रजक पर देसी कट्टा तान दिया पड़ोस में रहने वाले शिबू राउत नामक युवक ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी मिथुन कुमार रजक पर देसी कट्टा तान दिया। उसने हवा में गोली चलाई, हालांकि गोली सीधे नहीं लगी, लेकिन बारूद के छींटे लगने से मिथुन कुमार रजक को हल्की चोट आई। फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक निर्मल मंडल ने बताया कि उन्हें घटना के स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं है, लेकिन अचानक विवाद बढ़ने के बाद गोली चलने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि गोली चलाने वाला शिबू राउत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि हवा में फायरिंग की बात सामने आई है। हालांकि अभी तक थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और फायरिंग करने वाले की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
