![]()
पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी से हुई लूट का पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2 लाख 68 हजार रुपए नगद, एक 9 एमएम पिस्टल, एक हीरो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और खून से सना एक गमछा बरामद किया गया है। एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने फाइनेंस कर्मी अनूप कुमार के सिर पर पिस्टल से हमला कर उसे घायल कर दिया था। अपराधी अनूप कुमार के पास से 3 लाख 40 हजार रुपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस छापेमारी टीम का गठन किया गया घटना की सूचना मिलते ही महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अभियान शुरू किया। इसके साथ ही, सीमावर्ती जिला दुमका के काठीकुंड थाना से भी संपर्क स्थापित कर घटना की जानकारी साझा की गई। घायल अवस्था में पकड़े गए अपराधी 17 फरवरी को काठीकुंड पुलिस ने सूचना दी कि एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई है और उसमें सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस सूचना पर छापेमारी टीम अस्पताल पहुंची और घायलों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान देवघर जिले के सोनारायठारी थाना अंतर्गत ठाड़ीलपारा गांव निवासी मनोरंजन कुमार और गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना अंतर्गत विष्णुडीह गांव निवासी लाल यादव के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार मनोरंजन कुमार पहले इसी फाइनेंस कंपनी में काम करता था और कुछ समय पहले ही उसने नौकरी छोड़ दी थी। एसपी द्वारा बताया गया कि अपराधियों के पास मिले पिस्टल के स्रोत के बाबत छानबीन किया जा रहा है
पाकुड़ में फाइनेंस कर्मी से लूट का खुलासा, दो गिरफ्तार:सिर पर पिस्टल से हमला कर किया था घायल, 2.68 लाख और हथियार बरामद
Date:




