![]()
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के बड़ी अलीगंज में मंगलवार को एक शादीशुदा युवक ने घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। युवक की पहचान 30 वर्षीय राहुल राय, पिता स्वर्गीय रामु राय के रूप में हुई है। नगर परिषद क्षेत्र के बड़ी अलीगंज वार्ड नंबर 2 स्थित राहुल राय के घर के एक कमरे में मंगलवार को उनका शव बेडशीट के सहारे लटका हुआ पाया गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। वार्ड नंबर 2 के पार्षद उज्जवल हांडी और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना नगर थाने को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बेडशीट से लटके शव को नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पड़ोसियों ने बताया कि राहुल राय और उनकी पत्नी पुतुल देवी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। सोमवार रात को इस विवाद को सुलझाने के लिए एक पंचायती भी हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई थी। हालांकि, मंगलवार को अचानक राहुल का शव घर में लटका मिला। लोगों ने बताया कि युवक काफी तनाव में था और संभवतः इसी तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया। मृतक के बड़े भाई नंदू राय ने बताया कि राहुल चार भाइयों में सबसे छोटा था और वह प्राइवेट वाहन चलाता था। उसकी शादी 10 साल पहले पाकुड़ प्रखंड के गोसाईपुर में हुई थी। राहुल और उसकी पत्नी पुतुल देवी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते पंचायती भी हुई थी। मृतक के एक लड़का और एक लड़की है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।

