Thursday, July 2, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

पाकुड़ में शहीद SP अमरजीत बलिहार को श्रद्धांजलि:2013 नक्सली हमले में 5 अन्य पुलिसकर्मी भी हुए थे शहीद, परिजनों का सम्मान


पाकुड़ में गुरुवार को शहीद एसपी अमरजीत बलिहार और पांच अन्य पुलिस जवानों को उनकी शहादत पर याद किया गया। मुख्य कार्यक्रम समाहरणालय स्थित शहीद अमरजीत बलिहार पार्क में आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों और आम लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर एसपी अनुदीप सिंह, डीडीसी अरविंद कुमार लाल, अपर समाहर्ता जेम्स सूरीन, एसडीपीओ कुमार गौरव सहित अन्य पदाधिकारी, पुलिस के जवान और शहीदों के परिजन मौजूद थे। सभी ने बारी-बारी से शहीद एसपी अमरजीत बलिहार की प्रतिमा और अन्य जवानों की तस्वीरों पर माल्यार्पण किया। शहीदों की याद में दो मिनट का मौन भी रखा गया। कार्यक्रम के दौरान, शहीदों के परिजनों को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर शहीदों के परिजनों ने मांग की कि अमरजीत बलिहार के साथ शहीद हुए अन्य जवानों की भी प्रतिमाएं स्थापित की जाएं। मुख्य समारोह के बाद, शहीद अमरजीत बलिहार चौक पर स्थापित प्रतिमा पर भी सभी ने माल्यार्पण कर नमन किया। उल्लेखनीय है कि 2 जुलाई 2013 को दुमका से डीआईजी की बैठक से लौटते समय दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के जमनी गांव में हुए नक्सली हमले में एसपी अमरजीत बलिहार सहित पांच जवान शहीद हो गए थे। शहीद होने वालों में एसपी अमरजीत बलिहार, चालक अशोक कुमार श्रीवास्तव, अंगरक्षक चंदन थापा, पुलिसकर्मी मनोज कुमार हेम्ब्रम, संतोष मंडल और राजीव कुमार शामिल थे। पाकुड़ पुलिस और यहां की जनता हर साल इस शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देकर याद करती है। मौके पर मौजूद एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाती। उन्होंने शहीदों का सम्मान करने की बात कहते हुए पुलिस के जवानों और अधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles