![]()
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में बीती रात एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना साहिबगंज-गोविंदपुर एक्सप्रेसवे पर धुंदापहाड़ी पुल के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई। मृतकों की पहचान लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के फूलपहाड़ी गांव निवासी वकील मरांडी और पुलिस हांसदा के रूप में हुई है। संग्राम हांसदा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर लिट्टीपाड़ा के साप्ताहिक हाट से अपने घर फूलपहाड़ी लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घायल संग्राम हांसदा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पाकुड़ रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसका मुख्य कारण वाहनों की तेज गति है। उनका आरोप है कि बड़े और छोटे दोनों तरह के वाहनों के चालक अक्सर तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हैं।
