संस्था वीएसके फाउंडेशन में विभिन्न पदों पर नौकरी दिलाने और सुरक्षा राशि के नाम पर लोगों से बड़ी रकम की ठगी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ सिमडेगा पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में गिरोह के सरगना समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच के दौरान प्रारंभिक रूप से यह बात सामने आई है कि गिरोह ने बड़ी संख्या में लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे करोड़ों रुपये की ठगी की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। साथ ही ठगी के शिकार लोगों और उनसे ली गई राशि से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। सिमडेगा पुलिस ने वीएसके फाउंडेशन में नौकरी, नियुक्ति अथवा किसी अन्य कार्य के नाम पर राशि जमा करने वाले लोगों से संबंधित दस्तावेज जमा करने की अपील की है। पीड़ितों को जमा की गई राशि की रसीद,प्राप्त वेतन का विवरण,बकाया मानदेय से संबंधित कागजात तथा पहचान से जुड़े दस्तावेज,जैसे आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र जमा करने को कहा गया है। पीड़ित अपने दस्तावेज पुलिस अधीक्षक कार्यालय,सिमडेगा स्थित वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के कार्यालय में अविलंब जमा कर सकते हैं। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आवश्यकतानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
