![]()
पूर्णिया में इंटरनेशनल विमेंस डे के मौके पर महिला थाना में हिफाजत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत महिला सशक्तिकरण की थीम पर नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। एसपी स्वीटी सहरावत बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। कार्यक्रम को लेकर महिला थाने को दुल्हन की तरह सजाया गया। थानाध्यक्ष शबाना आजमी ने पुष्प गुच्छ देकर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसपी स्वीटी सहरावत और विशिष्ट अतिथि एएसपी आलोक रंजन, सदर डीएसपी ज्योति शंकर, ट्रैफिक डीएसपी कौशल किशोर का स्वागत किया। इसमें अलग-अलग सामाजिक संगठनों से जुड़ी प्रतिष्ठित महिलाएं भी बतौर अतिथि शामिल हुईं। महिला सशक्तिकरण पर फोकस वहीं, इससे पहले वॉक फॉर अस्मिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसपी स्वीटी सहरावत, मेयर विभा कुमारी, प्रिंसिपल कंचन गुप्ता और फणीश्वर नाथ रेणु टीओपी प्रभारी राजनंदनी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर अस्मिता वॉक को रवाना किया। सैकड़ों छात्राएं महिला सशक्तिकरण की आवाज बनकर सड़क पर उतरीं और समाज को नारी सम्मान-अधिकारों का संदेश दिया। वॉक फॉर अस्मिता का आयोजन मिल्लिया कनीज फातिमा वूमेन टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज और मिल्लिया प्राइमरी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज रामबाग की ओर से किया गया। अस्मितोत्सव 2.0 के तहत आयोजित कार्यक्रम का थीम शिक्षा और नारी अस्मिता- आधुनिक भारत की पहचान रखा गया था। इसमें छात्राओं के अलावा ग्रीन पूर्णिया जैसे विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपना सहयोग किया। शिक्षा और समान अधिकार का दिया संदेश रविवार सुबह करीब 7 बजे फणीश्वरनाथ रेणु टीओपी, लाइन बाजार से छात्राओं और शिक्षकों ने वॉक फॉर अस्मिता की शुरुआत की। ये जागरूकता मार्च विभिन्न रास्तों से होते हुए कॉलेज परिसर, रामबाग तक पहुंचा। मार्च में शामिल छात्राओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर नारी सम्मान, शिक्षा और समान अधिकार से जुड़े संदेश दिए। इस दौरान पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। छात्राओं और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी शिक्षा समाज के विकास के लिए बेहद जरूरी है। जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो समाज और देश भी आगे बढ़ता है। धिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी एसपी स्वीटी सहरावत ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है। समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम बहुत जरूरी हैं। आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज को भी उनके सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। समाज में सकारात्मक बदलाव कॉलेज की प्रिंसिपल कंचन गुप्ता ने कहा कि वॉक फॉर अस्मिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और समाज के बीच महिला सम्मान और शिक्षा के महत्व को लेकर जागरूकता फैलाना है। शिक्षा ही महिलाओं को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाती है। कॉलेज की ओर से समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़े और वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान महिला सशक्तिकरण और नारी सम्मान का संदेश दिया गया।
पूर्णिया में इंटरनेशनल विमेंस डे पर हिफाजत कार्यक्रम:नुक्कड़ नाटक के जरिए नारी सम्मान का संदेश; एसपी बोलीं- आज हर क्षेत्र में महिलाएं आगे
Date:




