![]()
पूर्णिया नगर निगम ने शुक्रवार को दुर्गा पूजा के अवसर पर शहर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ नाम से एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व महापौर विभा कुमारी और नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय ने किया। खुद झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। यह अभियान शहर के सबसे प्रसिद्ध ठाकुर बाड़ी दुर्गा मंदिर परिसर से लेकर मेन रोड तक चला। स्वच्छता के लिए आम नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी महापौर विभा कुमारी ने शहरवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत अभियान चलाया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। मंदिर प्रांगण और पूजा पंडाल साफ-सुथरे रहने से दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्वच्छता केवल प्रशासन या अकेले निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए आम नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि कचरा इधर-उधर न फेंका जाए, बल्कि उसे केवल कूड़ेदान में ही डाला जाए। खुद भी स्वच्छ रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। 2 तस्वीरें में देखिए साफ-सफाई अभियान… पूजा पंडाल और आसपास स्वच्छता का उद्देश्य : नगर आयुक्त नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय ने कहा कि सभी वार्डों और दुर्गा पूजा पंडालों में यह विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पूजा पंडालों और उसके आसपास जमा होने वाली गंदगी की विशेष सफाई करना, जिससे संक्रमण और अस्वच्छता से बचा जा सके। पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं को जागरूक करना ताकि वे पंडाल परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें। इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान सभी श्रद्धालुओं का अनुभव पूरी तरह सहज, स्वच्छ और सुगम हो। इस अभियान में बड़ी संख्या में नगर निगम के कर्मी, सफाई कर्मी, दर्ज भर पार्षद और पार्षद प्रतिनिधि शामिल हुए ।
पूर्णिया में 'स्वच्छता ही सेवा' के तहत सफाई अभियान:दुर्गा पूजा से पहले आयुक्त और मेयर ने लगाई झाड़ू; आम नागरिकों से सहयोग की अपील
