Saturday, May 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पेट्रोल मिलने की टकटकी… बहुबाजार, कोकर व कांके में पंपों पर धक्का-मुक्की, घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली लौटे लोग

  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Ranchi
  • The Eagerness To Get Petrol… Pushing And Shoving At The Pumps In Bahu Bazar, Kokar And Kanke, People Returned Empty Handed Even After Standing In Line For Hours.

रांची17 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

राजधानी में पेट्रोल संकट का असर अब आम लोगों की दिनचर्या पर साफ दिखाई देने लगा है। बहुबाजार, कोकर और कांके स्थित पेट्रोल पंपों पर शुक्रवार को सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पेट्रोल मिलने की उम्मीद में लोग घंटों लंबी कतारों में खड़े रहे, लेकिन कई लोगों को निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ा।

पंपों पर स्थिति ऐसी रही कि वाहन चालकों के बीच धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। कई लोग बाइक और कार लेकर सुबह से लाइन में लगे रहे, लेकिन स्टॉक खत्म होने या आपूर्ति बाधित होने की सूचना के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई। कुछ वाहन चालकों ने बताया कि पेट्रोल मिलने की सूचना पर वे एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते रहे, लेकिन कहीं राहत नहीं मिली।

शुक्रवार को भास्कर की टीम ने शहर के 20 पंपों की पड़ताल की जिसमें सामने आया कि 10 पंप या तो पूरी तरह ड्राई थे या आंशिक रूप से बंद थे। कई जगह हालात इतने बिगड़े कि लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी ईंधन नहीं मिल सका। जहां पंप खुले थे, वहां अभूतपूर्व भीड़ और अव्यवस्था देखने को मिली। कुछ पंपों पर सीमित मात्रा में कैपिंग कर तेल दिया गया, जबकि कई जगह स्टॉक कुछ ही घंटों में खत्म हो गए। दिन के करीब दो बजे प्लाजा चौक स्थित पेट्रोल पंप पर टैंकर पहुंचा ही था कि पेट्रोल भराने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।

लोगों को रस्सी बांधकर पंप से बाहर ​इंतजार करने को कहा गया। स्थिति का असर यातायात पर भी पड़ा और कई क्षेत्रों में जाम लग गया। सप्लाई में कमी, डिपो से देरी से की गई आपूर्ति और अफवाहों के बीच बढ़ी पैनिक बाइंग को इस संकट का मुख्य कारण बताया जा रहा है। शहर में ईंधन व्यवस्था पूरी तरह दबाव में आ गई है। कोकर, करमटोली, बूटीमोड़ और नामकोम समेत कई इलाकों में सीमित मात्रा में ही पेट्रोल दिया गया। कोकर के पंप पर बाइक में 200 और कार में 500 रुपए तक का ही तेल दिया जा रहा था।

करमटोली-जेल मोड़ रोड पर स्थित आईओसीएल पंप पर बाइक के लिए 500 और कार के लिए 2000 रुपए की सीमा तय की गई। नामकोम में यही हाल रहा। 1. हरमू रोड शक्ति पेट्रोल पंप : 12 बजे पूरी तरह ड्राई मिला, रस्सी लगाकर आवागमन बंद कर दिया गया था। लोग बाहर इंतजार करते रहे, भीड़ और असुविधा बनी रही। ईंधन आपूर्ति का कोई स्पष्ट समय नहीं बताया गया। 2. भारत माता चौक एचपी पंप : 12:30 बजे भारी भीड़ से जूझता दिखा। लंबी कतारें लगी थीं, सभी वाहनों को ईंधन मिल रहा था। भीड़ के कारण मुख्य सड़क पर जाम और अव्यवस्था फैल गई। 3. इंद्रप्रस्थ पंप डोरंडा : दोपहर एक बजे केवल डीजल उपलब्ध था, पेट्रोल खत्म हो गया था। स्टाफ ने बताया कि पेट्रोल की आपूर्ति शाम तक होने की संभावना है।

लोग परेशान होकर वापस लौटते नजर आए। 4. ओवरब्रिज एचपी पंप : सवा एक बजे पूरी तरह ड्राई मिला। स्टाफ ने बताया कि पंप कल से बंद है और ईंधन की आपूर्ति का इंतजार है। संचालन पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। 5. एचपी पंप कडरू पुल के पास : दोपहर 1:25 बजे भारी भीड़ और जाम की स्थिति दिखी। चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगी थीं। स्टाफ सीमित मात्रा में ही ईंधन वितरित कर रहा था। 6. आईओसीएल पंप, थड़पखना : दोपहर दो बजे ड्राई था और प्रवेश के रास्ते में रस्सी लगी थी। इसी दौरान टैंकर पहुंचा। लोग ईंधन के लिए इंतजार करते रहे, भीड़ लगी रही। 7. एचपी पंप, आदिवासी हॉस्टल से आगे : ढाई बजे बंद मिला। बेरिकेडिंग लगी थी और कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों ने बताया कि पंप कल से ही ड्राई है और संचालन पूरी तरह ठप है। 8. कोकर इंडस्ट्रियल एरिया एचपी पंप : पौने तीन बजे सीमित ईंधन वितरण कर रहा था।

बाइक को 200 रु. और कार को 500 रुपये तक तेल दिया जा रहा था। भारी भीड़ और हड़कंप की स्थिति रही। 9. कोकर चड्ढा पेट्रोल पंप : शाम 5 बजे सैकड़ों वाहनों की कतार से जाम लग गया। एक घंटे इंतजार के बाद लोगों को सीमित पेट्रोल मिला। भीड़ और अव्यवस्था से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। 10. लालपुर पेट्रोल पंप : 5:15 बजे पूरी तरह ड्राई हो गया। सुबह से भारी भीड़ के कारण ईंधन खत्म हो गया था। स्टाफ ने बताया कि लगातार बिक्री के चलते स्टॉक खत्म हो गया और पंप बंद करना पड़ा।

  • कंपनियां सामान्य से करीब 25 से 30 प्रतिशत कम कर रही हैं सप्लाई।
  • कंपनी किसी के पास सरप्लस स्टॉक भी नहीं होने देना चाह रही।
  • मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच आगे भी तेल में कमी होने की आशंका में लोग पैनिक बाइंग कर रहे हैं।
  • शुक्रवार को डिपो में ओवरलोड होने के कारण तेल सप्लाई में थोड़ी देरी हुई।

आधे से ज्यादा पेट्रोल पंप शहर में ड्राई होने का लोड अन्य खुले हुए पंपों पर दिखा। खूब भीड़ रही। पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन साउथ छोटानागपुर के अध्यक्ष राजहंस मिश्रा ने कहा कि बहुत अधिक अविश्वास की भावना नहीं होना चाहिए। तेल अभी है। लोग सहयोग करें, पैनिक न हों। शहर में पेट्रोल की कमी के बीच कुछ लोगों द्वारा कालाबाजारी किए जाने का मामला सामने आया है। राजधानी के कर्बला चौक इलाके में शुक्रवार को कुछ लोग खुलेआम 150 रुपए प्रति लीटर की दर से पेट्रोल बेचते नजर आए।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles