Saturday, July 11, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं : डीएफओ


भास्कर न्यूज | गढ़वा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत शहर के आर के पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को वन महोत्सव पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित पोस्टर, स्लोगन, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। सम्मान समारोह में विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद् अलखनाथ पांडेय एवं मुख्य अतिथि गढ़वा के डीएफओ चिंतामणि त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएफओ चिंतामणि त्रिपाठी ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। यदि हमारे आसपास पर्याप्त संख्या में वृक्ष होंगे तो हमें स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेना भी है। उन्होंने कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय लोग ऑक्सीजन के लिए परेशान थे और भारी कीमत चुकाने के बावजूद ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। जबकि प्रकृति हमें नि:शुल्क शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें। पुस्तक से बेहतर कोई मित्र नहीं होता। सोशल मीडिया और स्मार्टफोन का सीमित उपयोग करें तथा अपना अधिक समय अध्ययन और रचनात्मक कार्यों में लगाएं। विद्यालय के निदेशक अलखनाथ पांडेय ने कहा कि वन महोत्सव जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक उनका संरक्षण करना आवश्यक है। विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधारोपण तथा लगाए गए पौधों की देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर अनुप कुमार पांडेय, गीता पांडेय, नंदलाल गुप्ता, धीरज पांडेय, रश्मि शुक्ला, अभिमन्यु शुक्ला, इम्तियाज खान, संदीप ठाकुर सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles