![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो दी पेन्टिकॉस्टल असेम्बली स्कूल बोकारो ने शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए श्रेणी में बोकारो में प्रथम और झारखंड में सातवां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है। यह सम्मान विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ शैक्षणिक नेतृत्व और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस उपलब्धि के लिए प्राचार्या डॉ. करुणा प्रसाद ने 22 अक्टूबर को नई दिल्ली के एयरोसिटी स्थित पुलमैन में आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह में विद्यालय की ओर से प्रतिष्ठित प्रशस्ति-पत्र ग्रहण किया। यह राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण देशभर के लगभग 18,000 अभिभावकों, प्राचार्यों, शिक्षकों और शिक्षा परामर्शदाताओं की राय पर आधारित है। इसमें शिक्षकों की दक्षता, शैक्षणिक नेतृत्व, अकादमिक प्रतिष्ठा, खेल शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं समेत विभिन्न मानदंडों के आधार पर विद्यालयों का मूल्यांकन किया जाता है। विद्यालय के संस्थापक निदेशक रेवरेंड डॉ. डीएन प्रसाद और मुख्य शैक्षणिक अधिकारी सह संस्थापक प्राचार्या श्रीमती रीता प्रसाद ने इस सफलता पर विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने इसे शिक्षकों के समर्पण, विद्यार्थियों के परिश्रम तथा अभिभावकों के विश्वास और सहयोग का परिणाम बताया। वहीं, अधिशासी निदेशक डॉ. डैनियल माइकल प्रसाद ने कहा कि यह सम्मान पूरे पीएएस परिवार के सामूहिक प्रयासों और प्रतिबद्धता का प्रतिफल है। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और उनकी प्रतिभा निखारने का संकल्प और मजबूत होगा। वर्ष 1989 से शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित यह विद्यालय इस उपलब्धि को अपनी गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा का एक और स्वर्णिम अध्याय मानता है।
पेन्टिकॉस्टल स्कूल बोकारो को शैक्षणिक उत्कृष्टता में झारखंड में मिला 7वां स्थान
