Tuesday, August 11, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

प्रमाणपत्र न मिलने पर छात्रों-ग्रामीणों ने स्कूल में की तालाबंदी:कोडरमा में घंटों चला हंगामा, बीपीओ के आश्वासन पर खुला ताला


कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय पोखरडीहा में मंगलवार को दसवीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने शैक्षणिक प्रमाणपत्र न मिलने के विरोध में विद्यालय में तालाबंदी कर दी। इस विरोध प्रदर्शन के कारण घंटों तक हंगामा चलता रहा। विद्यार्थियों का आरोप है कि वे पिछले कई दिनों से दसवीं के प्रमाणपत्र लेने के लिए विद्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें बार-बार वापस लौटा दिया जा रहा है। प्रमाणपत्र न मिलने के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेजों में नामांकन कराने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्र सोनू कुमार, अंकित राज और इशांत कुमार ने बताया कि डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में नामांकन की अंतिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित है। प्रमाणपत्र के अभाव में उनका नामांकन नहीं हो पा रहा है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। प्रमाणपत्र न मिलने और लगातार टहलाए जाने से आक्रोशित होकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इस तालाबंदी के कारण विद्यालय में पढ़ने वाले लगभग 400 बच्चों और कार्यरत शिक्षकों को काफी देर तक विद्यालय परिसर के बाहर मैदान में इंतजार करना पड़ा। तालाबंदी की सूचना मिलने पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) अशोक उपाध्याय अपने सहयोगी कर्मियों के साथ विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों को जल्द से जल्द प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बीपीओ के आश्वासन के बाद छात्रों ने विद्यालय का ताला खोला। हालांकि, तब तक अधिकतर विद्यार्थी अपने-अपने घरों को लौट चुके थे। बताया जा रहा है कि विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शम्भू कुमार दास एक माह से अधिक समय से मेडिकल अवकाश पर हैं। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय ने 2 जुलाई को विकास कुमार तरुण को प्रभारी प्रधानाध्यापक का प्रभार लेने के लिए पत्र जारी किया था, लेकिन वे प्रभार लेने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। प्रभारी प्रधानाध्यापक के प्रभार को लेकर बनी इस स्थिति के कारण प्रमाणपत्र वितरण का मामला भी अटक गया है। विद्यार्थियों का आरोप है कि विद्यालय के आंतरिक विवादों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles