![]()
भास्कर न्यूज | सिमडेगा रामनवमी पर्व के मद्देनजर जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने जुलूस मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भट्टीटोली, पावर हाउस, केलाघाट मोड़ होते हुए मुख्य मार्ग से नीचे बाजार, महावीर चौक से झूलन सिंह चौक तक पैदल मार्च किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मार्ग की संवेदनशीलता, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजामों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते सुनिश्चित की जाएं। इस अवसर पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने रामनवमी समिति के सदस्यों से मुलाकात कर त्योहार को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले की सामाजिक समरसता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी परिस्थिति में अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा अफवाहों से बचने की भी अपील की। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही, पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी तथा आवश्यकतानुसार दंडाधिकारियों की भी नियुक्ति की जाएगी। इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, डीएसपी रनवीर सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रशासन ने रामनवमी जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण
Date:




