Wednesday, May 20, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

प्राण प्रतिष्ठा के लिए रुद्र महायज्ञ की तैयारी, यज्ञशाला निर्माण कार्य प्रारंभ


भास्कर न्यूज | मझिआंव ब्लॉक रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर के प्रांगण में नव निर्मित शिवालय में शिव प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर यज्ञाचार्य श्री श्री 1008 श्री बाबा केशव नारायण दास महाराज के निर्देशन में आयोजित होने वाले रुद्र महायज्ञ की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। यज्ञशाला का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर लगातार जारी है, जहां कारीगर और शिव मंदिर कमेटी के सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं। पारंपरिक वैदिक विधि के अनुसार यज्ञशाला का निर्माण किया जा रहा है, ताकि अनुष्ठान पूर्ण रूप से शास्त्रोक्त ढंग से संपन्न हो सके। यज्ञशाला में मुख्य वेदी का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। वेदी के चारों ओर मंडप सज्जा, कलश स्थापना तथा हवन कुंडों की व्यवस्था की जा रही है। विदित हो कि रुद्र महायज्ञ का आयोजन तिथि 21 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक किया गया है। जिसमें 21 फरवरी दिन शनिवार को जल यात्रा के पाश्चात्य भंडारे के साथ इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत होगी। 22 फरवरी दिन रविवार को पंचांग पूजन अरणी मंथन एवं हवन, 23 फरवरी दिन सोमवार को मंडप पूजन जलाधिवास, दिनांक 24 फरवरी मंगलवार को मंडप पूजन अन्नाधिवास, 25 फरवरी दिन बुधवार को वरुणाधिवास, शिष्ठनाधिवास, शर्कराधिवास एवं धुपाधिवास, दिनांक 26 फरवरी दिन गुरुवार को पुष्पाधिवास, गंधाधिवास एवं घृताधिवास, दिनांक 27 फरवरी दिन शुक्रवार को देवस्थान नगर भ्रमण एवं सय्याधि वास 28 फरवरी दिन शनिवार को फागुन शुक्ल द्वादशी को वृष लग्न में शिवलिंग पर प्राण प्रतिष्ठा पूर्णाहुति भंडारा एवं साधु संतों की विदाई के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। इधर आयोजन समिति के सदस्यों के द्वारा विशेष रूप से सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्राण प्रतिष्ठा के इस महोत्सव में दूर-दूर से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए पेयजल, प्रसाद वितरण, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग जैसी सुविधाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। विद्युत सज्जा और प्रकाश की आकर्षक व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक और भव्य वातावरण निर्मित हो सके। वेदाचार्यों और आचार्यों के निर्देशन में रुद्र महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार और रुद्राभिषेक के साथ यह अनुष्ठान क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना से संपन्न होगा। आयोजन समिति के अनुसार, यह यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक भी है। स्थानीय नागरिकों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कई श्रद्धालु स्वेच्छा से सेवा कार्यों में भाग ले रहे हैं। युवा वर्ग भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहा है, जिससे आयोजन की तैयारियां और भी सुदृढ़ हो रही हैं। कुल मिलाकर, शिव प्राण प्रतिष्ठा और रुद्र महायज्ञ को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूर्णता की ओर हैं। श्रद्धा, आस्था और सामूहिक प्रयास से यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देकर जाएगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles