Thursday, May 21, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

फरार कुख्यात अपराधी किशन खान गिरफ्तार:प्रिंस खान के लिए करता था काम, व्यवसायियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था


धनबाद पुलिस ने बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 297/2025 और 11/2026 में फरार चल रहे कुख्यात अपराधी किशन खान उर्फ तसलीम खान को रांची से गिरफ्तार किया है। आरोपी कुर्मीडीह, बरवाअड्डा थाना क्षेत्र का निवासी है और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। वहीं, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रांची में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा और उसे बरवाअड्डा थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान किशन खान ने दोनों मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने खुलासा किया कि वह कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के लिए काम करता था। वह गिरोह के सदस्यों को रंगदारी वसूली के लिए व्यवसायियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था। किशन खान अपराधियों को आश्रय देता था, उन्हें वित्तीय सहायता प्रदान करता था और रंगदारी से अर्जित अवैध रकम को जमीन तथा अन्य व्यवसाय में निवेश करता था। गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। किशन खान का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बरवाअड्डा थाना में वर्ष 2025 और 2026 के कांडों सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। धनबाद पुलिस ने बताया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles