![]()
मोतिहारी के आदापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में दो साइबर फ्रॉड को गिरफ्तार किया गया है। इन पर नेपाली और भारतीय नागरिकों के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार करने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने की सूचना मिलने के बाद एसएसबी और आदापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर कैफे और ऑनलाइन दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान बिशनपुरवा गांव स्थित चौरसिया ऑनलाइन दुकान से राम विनय चौरसिया (पिता प्रेम प्रसाद) को गिरफ्तार किया गया। वर्षा कंप्यूटर दुकान पर भी छापा मारा पुलिस के मुताबिक, आरोपी ‘डी-प्रिंट पोर्टल’ नामक एप्लीकेशन का इस्तेमाल कर फर्जी आधार कार्ड बनाता था। आरोप है कि वह भारतीय और नेपाली नागरिकों से लगभग 300 रुपये लेकर यह काम करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक कितने फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और उनका इस्तेमाल किन कार्यों में किया गया। इसी क्रम में, पुलिस और एसएसबी की टीम ने आदापुर बाजार स्थित वर्षा कंप्यूटर दुकान पर भी छापा मारा। पुलिस और एसएसबी डिटेल जानकारी में जुटी यहां भी फर्जी आधार कार्ड बनाने की गतिविधि सामने आने के बाद दुकान से एक अन्य व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आदापुर थाना में कांड संख्या 277/26 दर्ज किया है। मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, साइबर माध्यम से दस्तावेजों के दुरुपयोग और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। इस संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र के साइबर कैफे संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस और एसएसबी की टीम अब इस पूरे नेटवर्क की विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

