Monday, July 6, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन:झारखंड के 8 जिलों में आज भारी बारिश, पश्चिमी सिंहभूम में सर्वाधिक बारिश


बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी में बने गहरे डीप डिप्रेशन वजह से राजधानी रांची में शनिवार शाम से ही रुक-रुक बारिश हो रही है। आज सुबह से बादल छाए हुए हैं और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटे में रांची में रांची में 12.4 मिमी बारिश हुई है। अन्य 12 जिलों में भी अच्छी बारिश देखने को मिली है। मौसम विभाग ने जारी पूर्वानुमान में बताया है कि आज रांची, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग में भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर अलर्ट जारी किया है। जामताड़ा में भी झमाझम बारिश है। जमशेदपुर और पलामू में काले बादल छाए हुए हैं। झारखंड के मौसम की तस्वीरें देखें… मौसम विभाग के अनुसार यह डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से झारखंड में अगले तीन से चार दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इसी कारण राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है। पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक वर्षा पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के 12 जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। सबसे अधिक 50.4 मिमी वर्षा पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा चाईबासा में 22.6 मिमी, धनबाद में 19.0 मिमी, सरायकेला में 14.0 मिमी, जमशेदपुर में 13.1 मिमी बारिश हुई। रांची में 12.4 मिमी बारिश हुई। लातेहार, गुमला, खूंटी और लोहरदगा जैसे जिलों में भी बारिश का प्रभाव देखा गया। वहीं कई अन्य जिलों में बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति भी बन रही है। ठनका गिरने से एक की मौत बारिश के साथ-साथ वज्रपात की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। गुमला जिले के पालकोट प्रखंड के कांशीडांड़ गांव में ठनका गिरने से 28 वर्षीय समीर खड़िया की मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से सलाह दी है कि गरज-चमक के समय खुले स्थानों से दूर रहें। पेड़ों के नीचे शरण न लें। विभाग ने रांची, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है। चार दिन एक्टिव रहेगा मानसून मौसम विभाग के अनुसार आज आठ जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। 7 जुलाई को संताल परगना क्षेत्र के देवघर, दुमका, गिरिडीह और गोड्डा में बारिश होगी, जबकि धनबाद में भारी बारिश का अलर्ट है। 8 जुलाई को पाकुड़, साहेबगंज सहित कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। 9 जुलाई को अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा की संभावना है। तापमान की बात करें तो डालटनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles