
Nitin Nabin West Bengal Visit: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पश्चिम बंगाल में पार्टी के पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ संगठनात्मक बैठकें कीं. इस दौरान उन्होंने पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की और राज्य में भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की.
नितिन नबीन ने संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता की
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा की शानदार जीत के बाद पश्चिम बंगाल के पहले दौरे पर आये नबीन ने संगठनात्मक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, विभाग के संयोजकों, प्रदेश मोर्चा के अध्यक्षों, सांसदों, जिला नेताओं के अलावा पार्टी की आईटी और सोशल मीडिया गतिविधियों का संचालन करने वाले पदाधिकारी भी शामिल हुए.
अर्जुन सिंह बोले- सरकार बनने के बाद भी जारी रहता है संगठन का काम
राज्य के श्रम एवं परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि भाजपा अपने पदाधिकारियों को हमेशा सक्रिय और व्यस्त रखती है. उन्होंने कहा- ये बैठकें इस बात का उदाहरण हैं कि सरकार बनने के बाद भी संगठन का काम पहले की तरह जारी रहता है. पार्टी यह सुनिश्चित करती है कि हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी संगठन के काम से जुड़ा रहे.
ये भी पढ़ें: नितिन नबीन की बंगाल यात्रा से पहले प्रदेश भाजपा में फेरबदल, जानें किसको क्या मिली जिम्मेदारी
भाजपा सांसदों और विधायकों से मिले नितिन नबीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य में पार्टी के सांसदों और विधायकों से मुलाकात कर संगठन से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और पार्टी संगठन के बीच समन्वय पर चर्चा की. भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई द्वारा अपने संगठनात्मक ढांचे में फेरबदल की घोषणा के कुछ दिनों बाद ही नबीन यहां आये हैं.
ये भी पढ़ें: सुनील बंसल बंगाल भाजपा के प्रभारी, सौदान सिंह संगठन प्रभारी और अमिताभ चक्रवर्ती संगठन महासचिव नियुक्त
एयरपोर्ट पर भाजपा अध्यक्ष का हुआ भव्य स्वागत
इससे पहले दो दिन की यात्रा पर कोलकाता पहुंचे नितिन नबीन का मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया. नबीन ने न्यू टाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनी.
नितिन नबीन के 28 सितंबर के कार्यक्रम
- उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी जायेंगे. सुबह साढ़े 10 बजे लोक संस्कृति भवन में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ सेवा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
- दोपहर साढ़े 12 बजे स्पेस सर्कल क्लब में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम ‘युवा संवाद कॉन्क्लेव’ को संबोधित करेंगे.
The post बंगाल भाजपा की संगठनात्मक बैठकों में नितिन नवीन ने भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की appeared first on Prabhat Khabar.
