
मुख्य बातें
Voting in Bengal: बैरकपुर. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान (29 अप्रैल) को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में शनिवार को बैरकपुर में राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. चुनाव आयोग पहले चरण की तरह ही दूसरे चरण में भी मतदान को पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की हर संभव कोशिश कर रहा है.
बैठक में सभी पक्षों की भागीदारी
दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव आयोग की ओर से बुलाई गयी इस बैठक में उत्तर 24 परगना जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों, उनके प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया. जिला अधिकारी शिल्पा गौरिसारिया, एसडीओ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि पहले चरण की तुलना में दूसरे चरण में अधिक केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किये जायेंगे, ताकि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बाहरी लोगों पर कड़ी नजर
मतदान क्षेत्रों में बाहरी लोगों की आवाजाही पर सख्ती बरती जायेगी. मतदान से 48 घंटे पहले बाहरी व्यक्तियों के ठहरने पर रोक लगाने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. प्रशासन का मानना है कि इन उपायों से हिंसा और अव्यवस्था की संभावना कम होगी और मतदाता सुरक्षित माहौल में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था. पहले चरण में रिकार्ड मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था. दूसरे चरण में भी उम्मीद की जा रही है कि पश्चिम बंगाल में रिकार्ड मतदान दर्ज होंगे.
Also Read: कोलकाता में वोटिंग से पहले सॉल्टलेक के गेस्ट हाउस में छापेमारी, तीन हिरासत में
The post बंगाल में दूसरे चरण के मतदान की तैयारी तेज, बढ़ेगी केंद्रीय बलों की तैनाती appeared first on Prabhat Khabar.
