
Durga Puja 2026: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद दुर्गा पूजा उत्सव का स्वरूप भी इस साल बदला-बदला नजर आ रहा है. राज्य में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 15 साल के शासन के खात्मे के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनी. इसके बाद कोलकाता की प्रमुख दुर्गा पूजा समितियों के नेतृत्व में भी बदलाव हुआ है. टीएमसी से जुड़े कई कद्दावर नेताओं की जगह बीजेपी के विधायकों और मंत्रियों ने पूजा समितियों की कमान संभाल ली है. दुर्गा पूजा 16 से 21 अक्टूबर तक होगी. ‘खूंटी पूजा’ के साथ ही दुर्गा पूजा के लिए पंडाल के निर्माण और कलाकृतियों की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गयी है.
सुरुचि संघ और श्रीभूमि समेत कई क्लबों में नये चेहरे
कोलकाता की जिन प्रमुख पूजा समितियों के प्रमुख बदले हैं, उनमें सुरुचि संघ, श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब और केंदुआ शांति संघ (पाटुली) शामिल हैं.
- सुरुचि संघ : पहले तृणमूल के पूर्व मंत्री अरूप विश्वास का यहां वर्चस्व था. अब बीजेपी विधायक सौरभ सिकदर ने संगठन में उनकी जगह ले ली है.
- श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब : राज्य के पूर्व मंत्री सुजीत बोस से जुड़े इस क्लब से अब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी जुड़ चुके हैं.
- केंदुआ शांति संघ (पटुली) : पूर्व टीएमसी पार्षद बप्पादित्य दासगुप्ता की जगह बीजेपी विधायक सरबरी मुखर्जी को मुख्य संरक्षक बनाया गया है.
- बारानगर लोलैंड सार्वजनिन पूजा समिति : पूर्व टीएमसी नेता प्रदीप नारायण बोस की जगह अब बीजेपी विधायक सजल घोष इस पूजा समिति का नेतृत्व कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: बंगाल में फीकी रहेगी दुर्गा पूजा की चमक? आर्थिक तंगी और कॉरपोरेट की दूरी से बढ़ी आयोजकों की टेंशन
राजडांगा नबोदय संघ ने राजनीति से बनायी दूरी
जेल में बंद पूर्व टीएमसी पार्षद सुशांत घोष से जुड़े राजडांगा नबोदय संघ ने इस साल राजनीति से दूर रहने का फैसला किया है. केवल क्लब सदस्यों के साथ पूजा का आयोजन करने का फैसला हुआ है. इसका ध्येय वाक्य ‘शोधन’ (सुधार) रखा गया है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में दुर्गा पूजा के 400 करोड़ के सरकारी अनुदान पर संकट! शुभेंदु अधिकारी की एक घोषणा से सहमीं 44000 कमेटियां
राजनीतिक प्रभाव बनाम जन-पहल
कई समितियों में बीजेपी नेताओं को संरक्षक और पदाधिकारी बनाया गया है, लेकिन पार्टी संगठन ने संतुलित रुख अपनाया है. प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा है कि वे किसी भी दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष नहीं बनेंगे. उनका मानना है कि दुर्गा पूजा आम जनता की अपनी पहल होनी चाहिए, न कि राजनीतिक प्रभाव दिखाने का जरिया. हालांकि, वे कॉलेज स्क्वायर की पारंपरिक ‘खूंटी पूजा’ में शामिल हुए. मोहम्मद अली पार्क की ‘खूंटी पूजा’ में मंत्री तापस रॉय विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में पीएम मोदी की मां दुर्गा की वंदना करता विशाल म्यूरल बना आकर्षण का केंद्र
बजट और भव्यता में नहीं आयेगी कोई कमी
आयोजकों ने साफ कर दिया है कि राज्य में सरकार और समितियों में नेतृत्व बदलने के बावजूद पूजा के बजट, थीम या भव्यता पर कोई असर नहीं पड़ेगा. संतोषपुर लेक पल्ली समिति से जुड़े सोमनाथ दास ने बताया कि यहां पूजा का बजट लगभग 1 करोड़ रुपए है. जादवपुर के स्थानीय बीजेपी विधायक अब इस समिति से जुड़े हैं. समिति न तो अपने उत्सव का दायरा कम कर रहा है, न अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से कोई समझौता कर रहा है.
ये भी पढ़ें: कुम्हारटोली में थमा मां दुर्गा की मूर्तियों का निर्माण, मिट्टी सिंडिकेट पर हंटर से हाहाकार, सड़कों पर उतरे मूर्तिकार
The post बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद दुर्गा पूजा समितियों का भी बदला स्वरूप, जानें कैसी है उत्सव की तैयारी appeared first on Prabhat Khabar.
