![]()
बक्सर में उत्पाद विभाग ने हरियाणा से पटना ले जाई जा रही सात लाख रुपये से अधिक की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की है। यह कार्रवाई वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान के दौरान की गई। एक पिकअप वैन में बनाए गए सीक्रेट चैंबर से 3123 बोतल शराब बरामद हुई, जिसके बाद हरियाणा निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया उत्पाद विभाग की टीम वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच कर रही थी। निरीक्षक सह मध्य निषेध प्रभारी पदाधिकारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की ओर से बिहार में प्रवेश कर रही एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया। प्रारंभिक जांच में वाहन सामान्य लगा, लेकिन संदेह होने पर गहन तलाशी ली गई। गहन जांच के दौरान टीम को वाहन में बेहद चालाकी से बनाया गया एक सीक्रेट चैंबर मिला। इस चैंबर में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी। उत्पाद विभाग ने मौके पर ही वाहन जब्त कर शराब की गिनती की, जिसमें कुल 3123 बोतल विभिन्न महंगे ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की बाजार कीमत सात लाख रुपये से अधिक अधिकारियों के अनुसार, यह शराब हरियाणा से लोड कर पटना पहुंचाई जानी थी। बक्सर सीमा में प्रवेश करते ही उत्पाद विभाग की सतर्क टीम ने तस्करी की इस कोशिश को नाकाम कर दिया। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि जब्त शराब की बाजार कीमत सात लाख रुपये से अधिक है। गिरफ्तार चालक की पहचान हरियाणा के लड़ानपुर निवासी 35 वर्षीय दिलराज कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी दिलराज कुमार ने बताया कि उसे शराब की यह खेप पटना पहुंचानी थी। पटना पहुंचने के बाद उसे मोबाइल के माध्यम से आगे की डिलीवरी के स्थान की जानकारी दी जानी थी। वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए भी छानबीन तेज कर दी गई उत्पाद विभाग अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुट गया है और यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि शराब की खेप किसके लिए मंगाई गई थी तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। उत्पाद विभाग ने बताया कि मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी छानबीन तेज कर दी गई है।


