![]()
बक्सर नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में शनिवार सुबह एक खाली प्लॉट से 22 साल के युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भोजपुर के आरा शहर के अरवल मोहल्ला निवासी ओम पांडेय के रूप में हुई है, जो कमलेश पांडेय के पुत्र थे। प्रथम दृष्टया पुलिस इस मामले को हत्या से जोड़कर देख रही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए शिवपुरी मोहल्ले की दो युवतियों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी। नाक से भी बह रहा था खून सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर के पीछे और कनपटी के पास गहरे चोट के निशान मिले हैं। नाक से भी खून बह रहा था और शव अकड़ी हुई अवस्था में पड़ा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत कई घंटे पहले हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि मृतक ने जींस और बनियान पहन रखी थी। उसकी जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। इसी दौरान युवक की तलाश करते हुए उसके दो दोस्त घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान ओम पांडेय के रूप में की। कॉलेज में नामांकन कराने आया था दोस्तों ने पुलिस को बताया कि ओम बक्सर के नया बाजार स्थित उनके कमरे पर ठहरा हुआ था। उसने बताया था कि वह बक्सर के एक कॉलेज में नामांकन कराने आया है। शुक्रवार शाम उसने शिवपुरी की एक युवती से मिलने की बात कही थी। उसके दोस्त उसे युवती के घर के पास छोड़कर वापस लौट आए थे। देर रात तक जब ओम वापस नहीं लौटा तो उन्होंने कई बार उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। शनिवार सुबह तलाश के दौरान उन्हें उसके शव मिलने की जानकारी मिली। शव को खाली प्लॉट में फेंका गया पुलिस को आशंका है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। संभावना जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को खाली प्लॉट में फेंका गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। वहीं सदर SDPO गौरव पांडेय ने घटनास्थल का इंस्पेक्शन कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में शिवपुरी की दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

