![]()
बड़ाजामदा में आदिवासी युवती से कथित छेड़खानी के मामले में भाजपा ने पुलिस-प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। छेड़खानी का विरोध कर रहे स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियार से हमले का मामला भी जुड़ा है। भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई रविवार को बड़ाजामदा पहुंचे। उन्होंने आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में भाजपा नेताओं और स्थानीय महिला समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। गागराई ने कहा कि अमन होटल में किराए पर रह रहे कुछ युवकों पर आदिवासी युवती के साथ कथित छेड़खानी और अमानवीय व्यवहार का आरोप है। स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने इसका विरोध किया। आरोप है कि नाराज युवकों ने धारदार हथियार से स्थानीय युवाओं पर हमला कर दिया। इसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों का इलाज टीएमएच नोवामुंडी अस्पताल में चल रहा है। गागराई ने कहा कि पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भाजपा ने मांग की कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जाए। जल्द गिरफ्तारी हो। पीड़ित युवती और घायलों को न्याय मिले। गागराई ने चेतावनी दी कि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति के लिए पुलिस-प्रशासन जिम्मेदार होगा। बैठक में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष शंभू हजरा, अजीत सिंह, सारंडा मंडल अध्यक्ष प्रफुल्ल महाकुड़, संजीव राय, राजा तिर्की, अशोक दास समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
बड़ाजामदा छेड़खानी केस में भाजपा ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

