खरौंधी| भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव ने झारखंड विधानसभा के शून्यकाल में खरौंधी प्रखंड की वर्षों पुरानी सिंचाई समस्या को सदन में उठाते हुए “बथनिया डैम” के निर्माण की मांग की है। उन्होंने कहा कि गढ़वा जिले के भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खरौंधी प्रखंड के खरौंधी ग्राम पंचायत के नावाडीह टोला में बथनिया डैम का निर्माण होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हुए बताया कि बथनिया डैम बनने से खरौंधी, बजरमरवा, चंदनी, करिवाडीह और सुंडी समेत आसपास के कई गांवों की लगभग दो हजार एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई संभव हो सकेगी। इससे पूरे प्रखंड का जलस्तर भी सुधरेगा और किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो पाएगा। खरौंधी प्रखंड मुख्य रूप से कृषि आधारित क्षेत्र है, लेकिन यहां सिंचाई के लिए कोई बड़ा तालाब या डैम नहीं है। अधिकांश किसान वर्षा के पानी पर ही निर्भर होकर खेती करते हैं। बारिश कम होने पर यहां के किसानों को हर साल सूखे और अकाल जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी फसलें प्रभावित होती हैं और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि किसान हित में लगभग 800 मीटर लंबाई वाले बथनिया डैम के निर्माण की स्वीकृति सरकार द्वारा जल्द दी जानी चाहिए, ताकि क्षेत्र के किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिल सके और उनकी खेती सुरक्षित हो सके।इधर, विधायक द्वारा सदन में इस मुद्दे को उठाने पर खरौंधी प्रखंड के झामुमो नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और किसानों ने उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यदि बथनिया डैम का निर्माण हो जाता है तो क्षेत्र के किसानों की सबसे बड़ी समस्या दूर हो जाएगी और कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर जल्द ही डैम निर्माण की दिशा में ठोस पहल करेगी।
बथनिया में डैम निर्माण की मांग विधायक ने सदन में उठाई आवाज
Date:




