![]()
बांका में स्कूटी और बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल व्यवसायी की मंगलवार को कोलकाता ले जाते समय मौत हो गई। घटना अमरपुर थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान ब्रह्मदेव मंडल उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें टक्कर का भयावह दृश्य कैद हुआ है। फुटेज में दिख रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी और बाइक सवार दोनों हवा में उछल गए। बाइक सवार युवक का इलाज जारी यह घटना सोमवार तड़के करीब 3 बजे बंगाली टोला के पास हुई। व्यवसायी पप्पू किसी काम से अपनी स्कूटी से निकले थे और बंगाली टोला के पास स्कूटी मोड़ रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है और उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पप्पू की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया था। हालांकि, कोलकाता ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अंधेरा होने के कारण हुई दुर्घटना घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि एक तेज रफ्तार बाइक आती है और स्कूटी को टक्कर मार देती है। बताया जा रहा है कि घटना के समय अंधेरा होने के कारण यह दुर्घटना हुई। अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
