Monday, August 31, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

बांका में बीडीओ से मारपीट का आरोप,पूर्व मुखिया अरेस्ट:जन्म प्रमाण पत्र बनाने के दबाव में घटना; CCTV बंद, जांच पर सवाल


बांका जिले के फुल्लीडुमर प्रखंड कार्यालय कक्ष में सोमवार को सरकारी कार्य कर रहे बीडीओ अमित प्रताप सिंह के साथ जन्म प्रमाण पत्र बनाने के दबाव को लेकर मारपीट करने का बीडीओ ने आरोप लगाया है। घटना के बाद बीडीओ ने फुल्लीडुमर थाना में आवेदन देकर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।सोमवार की संध्या गिरफ्तारी के विरोध में सड़क जाम किया। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम है। निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं ग्रामीण। प्राथमिकी में बीडीओ ने बताया है कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने कार्यालय कक्ष में सरकारी कार्य कर रहे थे।इसी दौरान प्रदीप यादव,पिता आनंदी यादव,ग्राम मध्यगिरी,थाना खेसर,अशोक यादव,पिता भूदेव यादव,ग्राम मध्यगिरी,थाना खेसर और संजीव कुमार मंडल,ग्राम पुरानी राता,थाना खेसर उनके चेंबर में पहुंचे। तीनों ने जन्म प्रमाण पत्र बनाने का दबाव बनाया।बीडीओ के अनुसार,नियमों के बारे में समझाने के बावजूद तीनों गाली-गलौज करने लगे।इसके बाद कथित रूप से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। बीडीओ ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उन्हें जमीन पर पटक दिया गया और छाती पर मुक्का मारा गया।वहीं पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल पर पैर से गर्दन दबाने का आरोप लगाया गया है।प्राथमिकी में आरोपितों द्वारा धमकी देने की बात भी कही गई है। बीडीओ ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए कार्यालय के कामकाज को प्रभावित किया। घटना के बाद बीडीओ का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुल्लीडुमर में कराया गया।चिकित्सक डॉ. पूनम कुमारी ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया कि बीडीओ के बाएं हाथ, सिर और पीठ में चोटें आई हैं। मामले में फुल्लीडुमर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार ने पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल को प्रखंड मुख्यालय से गिरफ्तार कर लिया।वहीं प्रदीप यादव और अशोक यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस निरीक्षक रामशंकर सिंह और थानाध्यक्ष गुलशन कुमार ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रखंड कार्यालय और अंचल कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की। हालांकि तकनीकी कारणों से सीसीटीवी बंद पाया गया। थाना अध्यक्ष गुलशन कुमार ने कहा कि मामले में बीडीओ द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इधर, सोमवार की शाम पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों और ग्रामीणों ने खेसर-रामपुर मुख्य मार्ग को पुरानी राता के पास जाम कर दिया। सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना है कि प्रखंड कार्यालय में लगे सीसीटीवी की जांच के बाद ही मामले में कार्रवाई की जानी चाहिए। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व मुखिया बीडीओ के साथ हो रही हाथापाई देखकर बीच-बचाव करने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बेवजह मामले में फंसा दिया गया।

ग्रामीणों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही गिरफ्तार पूर्व मुखिया को छोड़ने की मांग को लेकर लोग सड़क पर डटे है। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ। समाचार लिखे जाने तक पुरानी राता के पास जाम की स्थिति बनी हुई थी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles