![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्रासाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत पाताहातु गांव के पास देर रात एक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक अनिल गोप की मौत हो गई। वह होरलोर गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, अनिल गोप अपने रिश्तेदार के घर भोया गांव गया हुआ था। देर रात वह अपनी हंटर बाइक से घर लौट रहा था। पाताहातु गांव के पास सड़क पर अचानक एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में अनिल ने बाइक से नियंत्रण खो दिया। उसकी बाइक सड़क किनारे स्थित एक गोदाम की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसे गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पांड्रासाली ओपी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क पर आवारा पशुओं की आवाजाही अक्सर बनी रहती है, जिससे सड़क हादसे का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और आवारा पशुओं पर नियंत्रण पाने की मांग की है। मृतक अनिल गोप अपने परिवार में छह भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिजनों में गहरा शोक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

