Top 5 This Week

Related Posts

बाइक लूट मामले में फरार आरोपी अरेस्ट:औरंगाबाद के टॉप-10 बदमाशों की लिस्ट में था शामिल, झारखंड पुलिस को भी थी तलाश


औरंगाबाद के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत एनटीपीसी खैरा थाना पुलिस को सफलता हाथ लगी है। बाइक लूट कांड में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीनगर थाना क्षेत्र के बसन बिगहा मोड़ निवासी प्रमोद कुमार सिंह के बेटे 22 साल के राकेश कुमार सिंह के रूप में की गई है। इस संबंध में एनटीपीसी खैरा थानाध्यक्ष परमजीत कुमार मंडल ने बताया कि राकेश कुमार सिंह जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था, जिसे पकड़ने के लिए विभिन्न थानों की पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है, जिससे कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए अपराधी के खिलाफ थाना में बाइक चोरी से संबंधित कांड संख्या 63/25 दर्ज है।आरोपी इस मामले में अप्राथमिकी आरोपी था और लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत थी और छापेमारी की जा रही थी। झारखंड में भी दर्ज है आपराधिक मामला पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ एनटीपीसी खैरा थाना के अलावा नवीनगर थाना कांड संख्या 357/23 और झारखंड के हरिहरगंज थाना कांड संख्या 27/22 में भी मामले दर्ज हैं। इसके अलावा अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है, जिसके लिए संबंधित थानों से संपर्क स्थापित किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Spread the love

Popular Articles