![]()
बाणसागर बांध से सोन नदी में पानी छोड़े जाने के बाद रोहतास जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। बांध के आठ गेट खोले गए हैं, जिनसे करीब 3277 क्यूमेक्स पानी सोन नदी में छोड़ा गया। पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए प्रशासन सोन नदी के किनारे वाले इलाकों पर लगातार नजर रख रहा है। लोगों से नदी के पास जाने से बचने और सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की गई है। इसी बीच, सोन नदी में बढ़ते जलस्तर का जायजा लेने एसडीएम नीलेश कुमार अधिकारियों के साथ रसूलपुर पहुंचे। टीम ने सोन नदी के किनारे, आसपास के इलाकों और बाढ़ से प्रभावित हो सकने वाले क्षेत्रों का दौरा किया। एसडीएम ने अधिकारियों से जलस्तर और वहां की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने किनारे वाले इलाकों में लगातार नजर रखने और ग्रामीणों को समय पर जानकारी देने पर जोर दिया। लगातार बारिश के कारण जिले के बड़े झरने गुप्ताधाम, तुतलाधाम और मझारकुंड भी पूरे उफान पर हैं। तेज बहाव को देखते हुए सुरक्षा के लिए गुप्ताधाम जाने पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी, झरनों और पानी के दूसरे स्रोतों के पास नहीं जाने की अपील की है। अधिकारियों ने साफ किया कि मौसम और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर और सुरक्षा व राहत इंतजाम किए जाएंगे।
बाणसागर से पानी छोड़े जाने पर रोहतास में हाई अलर्ट:सोन नदी और झरनों के बढ़े जलस्तर से प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने टीम के साथ निरीक्षण किया
