![]()
गिरिडीह में हुई बारिश ने एक बार फिर नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद शहर का सबसे व्यस्त गांधी चौक पूरी तरह जलमग्न हो गया। सड़क पर गंदे पानी का जमाव इतना अधिक था कि लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया। कई स्थानों पर पानी घुटनों तक जमा हो गया, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। बारिश के बाद गांधी चौक का नजारा किसी तालाब जैसा दिख रहा था। सड़क और नालियों का पानी एक साथ जमा होने से पूरे इलाके में कीचड़ और बदबू फैल गई। बाइक सवार फिसलने से बाल-बाल बचे जलजमाव के कारण छोटे वाहन चालकों को काफी दिक्कत हुई। वहीं, कई बाइक सवार फिसलने से बाल-बाल बचे। पैदल चलने वाले लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। बाजार आने वाले ग्राहकों की संख्या भी कम हो गई, जिससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने नगर निगम की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में गांधी चौक और आसपास के इलाकों में ऐसी ही स्थिति बन जाती है। इसके बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जाती। लोगों ने ड्रेनेज व्यवस्था बनाने की भी मांग उठाई नालियों की नियमित सफाई न होने और जलनिकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण थोड़ी देर की बारिश में ही सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर की सफाई और जलनिकासी को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत बारिश के बाद स्पष्ट दिखाई देती है। जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि हर बारिश में शहरवासियों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े। नागरिकों ने गांधी चौक सहित शहर के अन्य जलजमाव वाले क्षेत्रों में स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था बनाने की भी मांग उठाई है।

