![]()
सुपौल के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत बसावनपट्टी वार्ड-04 में 3.32 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे निर्माणाधीन पुल और बारिश में बह गए डायवर्सन की समस्या को दैनिक भास्कर द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के महज 8 घंटे के भीतर प्रशासन हरकत में आ गया। देर रात अधिकारियों की मौजूदगी में डायवर्सन की मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया, जिससे हजारों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत बन रहे आरसीसी पुल का निर्माण अधूरा है। हाल की बारिश में अस्थायी डायवर्सन बह जाने से कई दिनों से आसपास के गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित था। स्कूली बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही थी, मरीजों और आम लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा था। कुछ परिवारों को अस्थायी रूप से दूसरे स्थानों पर रहने तक की नौबत आ गई थी। आवागमन बहाल करने का कार्य शुरू किया
बुधवार शाम करीब 3 बजे खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया। रात करीब 11 बजे एसडीओ अंजन कुमार की मौजूदगी में डायवर्सन पर बालू और अन्य निर्माण सामग्री डालकर आवागमन बहाल करने का कार्य शुरू किया गया। राहत कार्य के दौरान अधिकारियों ने मौके पर रहकर कार्य की निगरानी की और संबंधित एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए। डायवर्सन की मरम्मत शुरू होने के बाद धीरे-धीरे लोगों का आवागमन सामान्य होने लगा है। ग्रामीण अपने घर लौटने लगे हैं और बच्चों की पढ़ाई भी फिर से पटरी पर लौटती दिख रही है। निर्माणाधीन पुल का कार्य भी जल्द पूरा कराया जाएगा
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि निर्माणाधीन पुल का कार्य भी जल्द पूरा कराया जाएगा। वीरपुर एसडीओ अंजन कुमार ने बताया कि प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि डायवर्सन का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है और जल्द ही इसे पूरी तरह तैयार कर दिया जाएगा। साथ ही निर्माणाधीन पुल का कार्य भी समयबद्ध ढंग से पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को स्थायी रूप से बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।


