![]()
औरंगाबाद शहर के ब्लॉक मोड़ स्थित सम्राट अशोक भवन में रविवार को चौरसिया दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौरसिया समाज के जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने की। समारोह में समाज की एकजुटता, शिक्षा, रोजगार, पान उत्पादकों की समस्याओं और राजनीतिक भागीदारी समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। कार्यक्रम में समाज के कई लोगों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया ने कहा कि समाज हम सभी को बहुत कुछ देता है और अब समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की जरूरत है। मेहनत और आपसी सहयोग से देश के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में हुई जातीय जनगणना में चौरसिया समाज की आबादी कम दिखाई गई है, जबकि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है। कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें… जातीय जनगणना के लिए जागरूकता की अपील संजीव ने कहा कि केंद्र सरकार भी जातीय जनगणना कराने जा रही है। ऐसे में समाज के हर व्यक्ति को सजग रहने और लोगों को जागरूक करने की जरूरत है, ताकि गणना के दौरान सभी लोग अपना नाम दर्ज करा सकें। इसके अलावा उन्होंने बताया कि देव के मेडिकल कॉलेज के लिए एनओसी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण की दिशा में कार्रवाई शुरू होगी।
युवाओं को रोजगार देने वाला बनाना होगा अखिल भारतीय चौरसिया महासभा के अध्यक्ष देव कुमार चौरसिया ने कहा कि समाज को एकजुट करना समय की जरूरत है। एकजुट समाज ही मुश्किल परिस्थितियों में अपने लोगों का साथ दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नौकरी की तलाश करने के साथ रोजगार देने वाला बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों को बेहतर शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना होगा। बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पान उत्पादकों की समस्याओं को लेकर सरकार के साथ मिलकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। समाज को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है। ‘समाज की मजबूती के लिए एकजुटता जरूरी’ जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए एकजुटता सबसे जरूरी है। आपसी मतभेद भुलाकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के मुद्दों पर मिलकर काम करना होगा। युवाओं को समाज की जिम्मेदारी संभालने के लिए आगे आना चाहिए। सामाजिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को समाज की परंपरा और एकता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
शिक्षा-व्यवसाय में आगे बढ़ने की अपील भाजपा के वरिष्ठ नेता रामेश्वर चौरसिया ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ठेकेदारी प्रथा को खत्म करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा के साथ रोजगार और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों, युवाओं और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने सामाजिक एकता बनाए रखने और नई पीढ़ी को शिक्षा व रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। समारोह में संजय चौरसिया, बंशीधर चौरसिया, उपेंद्र चौरसिया, मनोज चौरसिया, प्रदीप चौरसिया, रामप्रवेश चौरसिया समेत चौरसिया समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में ये रहे मौजूद समारोह में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय चौरसिया महासभा के अध्यक्ष और हाजीपुर से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी देव कुमार चौरसिया, दीघा के भाजपा विधायक सह सरकार के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व सह प्रभारी रामेश्वर चौरसिया, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संजय चौरसिया, संरक्षक बंशीधर चौरसिया समेत समाज के कई लोग शामिल हुए।
