![]()
पलामू जिले में बीमार छोटे भाई का इलाज कराने घर से निकली किशोरी डैम में कूद गई। इससे उसकी मौत हो गई। 10 वर्षीय भाई को छतरपुर में इलाज कराने के बाद वह उसे लेकर नौडीहा बाजार क्षेत्र के हरियाही डैम पहुंची। वहां भाई को ई-रिक्शा में बैठाकर नहाने जाने की बात कहकर करीब 40 फीट ऊंचाई से डैम के गहरे पानी में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोरी की तलाश शुरू हुई। करीब 5 घंटे बाद उसका शव बरामद किया गया। किशोरी की पहचान खजूरी गांव निवासी स्व जगदीश पासवान की 16 वर्षीया बेटी रीता कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने ननिहाल लक्ष्मीपुर में रह रही थी। बुधवार को किशोरी की मां और बड़ा भाई मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर थे। छोटे भाई की तबीयत खराब होने के कारण वह उसे इलाज कराने छतरपुर लेकर आई थी। इलाज कराने के बाद उसने बटाने डैम घूमने और नहाने जाने के लिए ई रिक्शा बुक किया। डैम पहुंच कर भाई को ई-रिक्शा में बैठाकर नहाने जाने की बात कही और डैम में छलांग लगा दी। किशोरी के डैम में छलांग लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। किशोरी ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए परिजनों का बयान लिया जा रहा है। -नीरज कुमार, थाना प्रभारी
बीमार भाई का इलाज कराकर किशोरी डैम में कूदी:पलामू में 40 फीट ऊंचाई से डैम के गहरे पानी में लगाई छलांग, 5 घंटे बाद मिली लाश
