![]()
मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र के रजवाड़ा डीह में रविवार को बूढ़ी गंडक नदी से तीन दिनों से लापता युवक का शव मिला। मृतक की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के सादतपुर गांव निवासी दीनानाथ प्रसाद के 23 वर्षीय पुत्र आयुष चंद्रा उर्फ कौशल के रूप में हुई है। वह 23 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे से लापता था। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रजवाड़ा भगवान के पास बूढ़ी गंडक नदी के दूसरे किनारे पर एक युवक का शव दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी। ग्रामीण विकास कुमार ने बताया कि नदी के दूसरे किनारे पर एक युवक का शव देखा गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मुशहरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को नदी के दूसरे किनारे से इस पार लाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। कई घंटे की छानबीन के बाद मृतक की पहचान आयुष चंद्रा के रूप में हुई। मौत कैसे हुई स्पष्ट नहीं युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक नदी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। एसडीपीओ पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बूढ़ी गंडक नदी से एक युवक का शव बरामद किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। बाद में मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है और जांच के लिए घटनास्थल को सुरक्षित किया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
बूढ़ी गंडक में मिला लापता युवक का शव:3 दिन से था लापता, आत्महत्या या हत्या दोनों एंगल पर जांच कर रही पुलिस
