बेगूसराय के उलाव हवाई अड्डा मैदान में बुधवार को अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइकिलिंग लीग और विश्व साइकिल दिवस पर साइकिलिंग प्रतियोगिता हुई। जिसका उद्धेश्य राष्ट्रीय खेल भावना, उत्तम स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। जिले भर से 200 से अधिक महिला और युवा साइकिल चालकों ने उत्साह, उमंग और ऊर्जा के साथ भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बदलेगी सोच-बहेगी विकास की धारा, साइकिल से सजेगा बेगूसराय हमारा के सशक्त और प्रेरणादायक नारा के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला कला संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने पहले खुद साइकिल चलाने के बाद हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। खेलो इंडिया के तहत अस्मिता महिला रोड साइकिलिंग लीग जैसी प्रतियोगिता राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंच पर चमकने का अवसर प्रदान करती हैं। ऊर्जा को बचाने का दिया संदेश श्याम ने कहा कि यह कार्यक्रम एक संदेश भी है कि ऊर्जा को बचाना है और अपनी जो आंतरिक ऊर्जा है उसको बढ़ाना है। पर्यावरण का संदेश देते हुए साइकिल का हम लोग अधिक से अधिक उपयोग करें और अपनी जो फिटनेस है, उसको बरकरार रखें। इसी संदेश के साथ विश्व साइकिल दिवस की शुभकामनाएं। साइकिल चलाना न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहतरीन है, बल्कि यह हमारे पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने का भी सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रतियोगिता के दौरान उलाव हवाई अड्डे के ट्रैक पर बेहद रोमांचक और कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जहां लड़कियों ने अपनी अद्भुत गति, संतुलन और दमखम का शानदार परिचय दिया।
प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच मिला सचिव रविकिशोर ने बताया कि साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) एवं साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार (CAB) की देखरेख में अस्मिता महिला खेलो इंडिया साइकिल लीग का शानदार आयोजन गया। इस ऐतिहासिक लीग के माध्यम से जिले की महिला साइकिलिस्टों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच मिला है। रेस की समाप्ति के बाद मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह का रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल करने वाली प्रथम तीन खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही रेस को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली अन्य प्रतिभागियों के जज्बे की भी सराहना की गई।

