![]()
बेतिया के एक निजी क्लीनिक की तीसरी मंजिल पर कार्यरत एक नर्स का शव सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतका की पहचान शेखवना मठ निवासी ममता कुमारी के रूप में हुई है। वह पिछले छह वर्षों से डॉ. संतोष कुमार सिंह और डॉ. रूबी के क्लीनिक में कार्यरत थीं। मृतका की बड़ी बहन खुशी देवी ने बताया कि ममता का मोबाइल फोन एक दिन पहले से बंद था। संपर्क न होने पर खुशी देवी क्लीनिक पहुंचीं और डॉक्टर व स्टाफ से पूछताछ की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। गद्दों से ढंककर छिपाया गया था शव इसके बाद खुशी देवी ने खुद क्लीनिक के कमरों की तलाशी ली। तीसरी मंजिल पर खोजबीन के दौरान एक कमरे में बेड के नीचे ममता का शव मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शव को कई गद्दों से ढंककर छिपाया गया था, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो सके। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, नगर थाना पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच भी शुरू कर दी है। पिता ने गला दबाकर हत्या का लगाया आरोप मृतका के पिता जोखू पासवान ने आरोप लगाया है कि ममता की गला दबाकर हत्या की गई है और शव को छिपाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका और मजबूत होती है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ममता कुमारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी की आपराधिक भूमिका है या नहीं।
