![]()
पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया शहर में बेलदारी रेलवे गुमटी के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण सड़क की हालत बेहद जर्जर हो गई है। लगातार बारिश और सड़क पर बने बड़े गड्ढों में जलभराव से राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पूरी तरह गड्ढों में बदल चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार को इसी सड़क पर एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। पानी से भरे एक गड्ढे में अचानक एक ई-रिक्शा पलट गया। इसमें चालक सहित पांच लोग सवार थे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना से लोगों में काफी दहशत फैल गई। मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए इसके अगले दिन, शनिवार को भी उसी स्थान पर एक और दुर्घटना हुई। सड़क पर बने गहरे गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। मरम्मत और जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई स्थानीय नागरिकों ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण के कारण सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई है। बारिश का पानी सड़क पर जमा होने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।


